अटल...एक व्यक्ति नहीं, एक विचार
स्वतंत्र भारत के राजनीतिक इतिहास को जब-जब स्मरण किया जाएगा या उसकी पुनरावृत्ति की जाएगी तब-तब एक नाम जो सबका ध्यानाकर्षण करेगा वह है अटल बिहारी वाजपेयी। भारतीय लोकतंत्र और राजनीति में उनकी आस्था अपने आप में एक पराकाष्ठा है। वे जब तक सक्रिय राजनीति में रहे, क्या पक्ष क्या विपक्ष, उन्होंने सबके दिलों में जगह बनाई। हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राजनीति करने वाले अटल एक आदर्श पुरुष थे।
अपने सम्पूर्ण राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा देशहित की बात की और जब भी उन्हें कोई पद मिला तो उन्होंने अपने कार्य से ना सिर्फ लोगों का दिल जीता बल्कि उस पद की गरिमा भी बढ़ाई। जनता दल की सरकार में जब वे विदेश मंत्री बने तो भारत की विदेश नीति को बेहतर बनाने हेतु उन्होंने खूब प्रयास किया। राजनीति में उनका संघर्ष भरसक लम्बा रहा लेकिन उन्होंने सदा जनहित के मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाया और संसद में अपनी बुलन्द आवाज से सरकार को सोंचने पर मजबूर किया। अपने कङे संघर्ष और अथक प्रयास से उन्होंने एक बेहद छोटी पार्टी को देश भर में फैलाया, लोगों तक अपने विचार पहुंचाए और अंततः भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश सेवा की।
अपने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में उन्होंने देशहित में कई उल्लेखनीय फैसले लिए जिसने पूरे विश्व में भारत की गरिमा को बढ़ाया। पोखरण परमाणु परीक्षण को भला कौन भूल सकता है, वह अटल बिहारी वाजपेयी जी के अदम्य साहस और उनकी काबिलियत की देन है। उसके साथ हीं भारत विश्व पटल पर खुद को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पेश किया, और दुश्मनों के दिलों में खौफ पैदा किया। वे विवादों को हमेशा हीं वार्ता और शांति से खत्म करने में विश्वास करते थे। उनके कार्यकाल में जब पाकिस्तान ने भारत को चोट पहुंचाने की कोशिश की तो उन्होंने खुद पहल कर बस से शांति वार्ता करने लाहौर पहुंच गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अटल जी के इस प्रयास की खूब प्रशंसा हुई थी। लेकिन तुरन्त बाद पाकिस्तान के नापाक इरादों ने भारत को चोटिल करने की कोशिश की तो अटल जी ने बिना किसी देरी के उनके पर कुचल दिए। कारगिल युद्ध उसी का एक उदाहरण है।
देश के आंतरिक सुधारों में भी उनका बेहतरीन योगदान रहा। उनका लक्ष्य पूरे भारत को विकास के शिखर पर पहुंचाने का था। पूरे देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का जाल बिछाने का काम उन्होंने हीं शुरू किया। गांवों को सड़कों से जोड़ने में भी उनकी भूमिका प्रशंसनीय रही। इन कार्यों के अलावा ऐसे कार्य हैं जिन्होंने विकास की शीर्ष रेखा खींची। विकास के दृष्टिकोण से कई बेहद कार्य बाद में भरसक पूरे हुए लेकिन उसे या तो अटल जी ने शुरूआत की थी या वो उनकी दिमागी उपज थी।
अटल बिहारी वाजपेयी ना सिर्फ एक कुशल राजनीतिज्ञ थे, बल्कि वे एक ओजस्वी वक्ता और बेहतरीन कवि भी थे। अपने वाक्य कौशल से उन्होंने सड़क से संसद तक हर जगह लोगों के दिल जीते। उनके भाषण इतने प्रभावी होते थे कि उसे सुनने लोग दूर-दूर से आते और बिना किसी ऊब के सुनते। उनकी जेहन से निकली हुई बातें यथार्थ की कसौटी पर खङी उतरती थी। विपक्ष में बैठते हुए अपने वाक्य कौशल से सरकार की गलत नीतियों पर ऐसा जोरदार शब्द प्रहार करते कि सत्ता पक्ष निरूत्तर हो जाता। साथ हीं सत्ता में रहते हुए अपने देशहित की नीतियों का विपक्ष के लाख विरोधों को कुशलता पूर्वक संचालन करते।
एक कवि के रूप में जब भी हम अटल जी को देखते और सुनते हैं तो उनकी लिखी हर कविता काल के कपाल पर उद्धृत एक अमिट रचना प्रतीत होता है। अटल जी द्वारा रचित कई प्रेरक कविताएं लोगों को अपने मंजिल को हासिल करने में मदद करता है। उन्होंने एक ओर अपनी कविता में हिन्दुस्तान की महिमा और गौरव का बखान किया तो दूसरी ओर भारत के दुश्मनों को अपनी पंक्तियों से ललकारा भी है। जिंदगी और मौत के बारे में उनका ख्याल बेहद हीं प्रेरणादायक है जिसे उन्होंने अपनी पंक्तियों में इस प्रकार पेश की है।
मौत भला जिंदगी से बङी कैसे हो सकती है....
ठन गई!
मौत से ठन गई!
जूझने का मेरा इरादा न था,
मोड़ पर मिलेंगे इसका वादा न था,
रास्ता रोक कर वह खड़ी हो गई,
यूं लगा जिंदगी से बड़ी हो गई।
मौत की उम्र क्या है? दो पल भी नहीं,
ज़िन्दगी सिलसिला, आज कल की नहीं।
मैं जी भर जिया, मैं मन से मरूँ,
लौटकर आऊँगा, कूच से क्यों डरूँ?
अटल बिहारी वाजपेयी एक आदर्श और शिखर पुरुष थे। जिनकी ना सिर्फ बातें बल्कि उनका आचरण भी अपने आप में एक मिसाल था। उनके पूरे जीवन के संघर्षों, प्रयासों, कार्यों को देखें तो यह सिद्ध होता है कि वे एक महज व्यक्ति नहीं थे बल्कि एक विचार थे जो उनके जाने के बाद भी भारत की वादियों की विद्यमान रहेगा। उनके पदचिन्ह सदियों तक लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र रहेगा। यदि हम उन्हें युगपुरुष कहें तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। एक व्यक्ति के रूप में अटल जी भरसक हमसबके बीच नहीं हैं बल्कि एक विचार के रूप में वे हमेशा हम सबके मन-मानस में बसे रहेंगे।
अटल जी का चरितचित्रण इतने अच्छे तरीके से आपने किया, अभीभूत हो गई, अटल जी हमेशा अटल है उनके जैसा न कोई था न है न शायद होगा, इतनी सुंदरता से अटल के बारे में आपने सब बता दिया आपको भी नमन🙏
ReplyDelete