खुद की सामर्थ्यता बेहद जरूरी
किसी भी कार्य को करने का माद्दा खुद में विकसित करना चाहिए क्योंकि अन्य लोगों के भरोसे होने पर उस कार्य के स्थायित्व को खतरा होता है। आपके कार्य के साथ आने वालों की होङ लग सकती है लेकिन बहुत कम लोग उस कार्य को अपना समझकर, अपनी जिम्मेदारी समझकर निरन्तर रूप से कार्यरत होते हैं।
इन सबके बीच भी आप खुद में उस कार्य को करने की क्षमता विकसित करें नहीं तो किसी को भी आपके कार्य से कटते देर नहीं लगती। ऐसे में आप अर्श से सीधा फर्श पर ना आ जाएं इसके लिए आपको यह मानकर चलना पड़ेगा कि आप अकेले हैं। इसका यह अर्थ तो कदापि नहीं कि कोई भी कार्य खास तौर पर यदि वह सामाजिक हो तो आप अकेले सम्पादित कर लेंगे। लोगों का तो साथ चाहिए ही होगा लेकिन जो लोग आपसे जिस रूप में जुड़े ये निश्चित नहीं कि वे आपसे हमेशा उसी रूप में जुड़े रहेंगे।
एक बात अकाट्य सत्य है कि निर्भरता हमेशा आपको ऐसी जगह पर रखती है जहां आपकी एक ओर गहरी खाई होती है। निर्भरता की डोर हल्की भी ढीली हुई तो खाई आपका इंतजार कर रही होती है। अत: अनन्त गहराई वाली खाई में गिरने के बजाय खुद को सशक्त करें। लोगों का साथ जुड़ता रहेगा और छूटता भी रहेगा लेकिन साथ छूटने से कार्य की गति पर कोई प्रभाव ना पड़े इसके लिए खुद को सक्षम बनाना जरूरी होता है।
लोगों के साथ से कार्य की गति बढ़ती है इसमें कोई शक नहीं लेकिन जब आप अन्य की मदद से अपनी क्षमता से कहीं ज्यादा गति से बढ़ रहे हैं और ऐसे में साथ छूटना आपको कहीं का नहीं छोड़ेगा। एक झटके में सब धराशायी तक हो सकता है। एक बात और कि जुड़ने वाले लोगों से बहुत कुछ उम्मीद कर लेना भी मूर्खता ही कहलाता है इसलिए इससे बचना होगा ताकि आपको धक्का ना लगे। दरअसल जब आप उम्मीदों से कहीं अधिक अपेक्षा रखते हैं तो आप सातवें आसमान पर होते हैं लेकिन जब उम्मीदें टूटती हैं तो आप एकाएक पाताल भी पहुंच सकते हैं।
कार्यक्षेत्र छोटा हो, सीमित हो, अपनी क्षमतानुसार हो वो अधिक बेहतर है बजाय कि बृहद हो जो लोगों की निर्भरता पर टिकी हो और उनके कटने से ढहढहा जाए। अंग्रेजी में एक कहावत है "Slow and Steady wins the Race"। आपकी रफ्तार भरसक धीमी हो लेकिन आप इतने सशक्त तो जरूर हों कि चाहे जैसी भी परिस्थिति आ जाए आप निरन्तर रहेंगे।
लोगों का साथ छूटना व अन्य प्रकार के परिवर्तन को आपको स्वीकार करना होगा और अपने कर्तव्य पथ पर निरन्तर रूप से गतिमान भी रहना होगा ताकि जिंदगी से उसके लक्ष्य पूर्ति का किया वादा हकीकत बने।
Comments
Post a Comment