महिला उत्थान की राह में खड़े यक्ष प्रश्न
जब-जब महिला सुरक्षा की बात आती है तब तक पूर्व में घटित या वर्तमान में घट रही महिला उत्पीड़न, बलात्कार, छेङछाङ जैसी समस्या हम सभी को चिढा रही होती है। समस्याओं को देखकर लड़कियों व महिलाओं को उन्हें अपनी आजादी पर काली गहरी साया सा प्रतीत होता है। आज हम महिला सशक्तिकरण के लाख दावे कर लें लेकिन दूसरी ओर महिला शक्ति को दमन करती हुई वारदात हर बार उनकी पोल खोलती रहती है। हम डरे और सहमे हुए इस माहौल के शिकार महिलाओं को नजरअंदाज कर महिला सशक्तिकरण की बात धरातल पर कतई नहीं उतार सकते।
बढ़ते हुआ समय चक्र आज इस घङी में आ पहुंचा है जब महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों को सीधी चुनौती दे रही है। यूं कहें कि महिलाएं पुरुषों से किसी भी मामले में कम नहीं हैं। उनकी सहभागिता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। घर के कामकाज से लेकर देश की सीमा पर सुरक्षा प्रहरी सरीखा साहसी कार्य को अंजाम देना उन महिलाओं की काबिलियत और उनकी अदम्य क्षमता का द्योतक है। इन सबके बावजूद हर दिन कहीं ना कहीं से महिलाओं के उत्पीङन की घटना आती हीं रहती है। 21वीं सदी के इस भारत में आज भी पुरूषों की प्रधानता है जिसके कारण महिलाओं को हर मामले में दबाने का प्रयास किया जाता है। पूर्व के साथ वर्तमान की घटनाओं पर गौर फ़रमाया जाए तो मानवता शर्म की हद को भी पार करता हुआ प्रतीत होगा। महिला सशक्तिकरण का जितना भी ढोल पीट लिया जाए लेकिन एक बात अटल सत्य है कि उत्पीङन के साये में महिलाओं की तरक्की और उनके उत्थान की बात प्रश्न के घेरे में है।
देश राजधानी दिल्ली हो या अन्य प्रदेशों के विभिन्न स्थान प्रतिदिन महिला उत्पीड़न की खबरें आती रहती हैं। उत्पीड़न के साए में महिला खुद को कितनी सुरक्षित महसूस कर सकेंगी।
बलात्कार के अलावा दहेज के नाम पर महिलाओं पर हो रहा अत्याचार जगजाहिर है। ऐसे कई मामले आपके और हमारे आस-पास मिल जाएँगे जिनमें दहेज के लिए महिलाओं पर उत्पीड़न की सारी हदें पार कर दी जाती हैं जिसमें महिलाओं की जान की भी कोई अहमियत नहीं होती। प्रताड़ना की हद झेलती महिलाएँ तिल-तिल घुटती और सहती रहती हैं।
थोड़ी देर के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों का रूख करते हीं वहाँ हो रहे अनर्गल और भद्दे कॉमेन्ट्स मानों हमारे कानों में गूँजने लगते हैं। सड़कों पर उन पर हो रहे ऐसी टिपप्णियों से उन्हें वक्त बे वक्त गुजरना पड़ता है।
बलात्कार, उत्पीड़न, दरिंदगी, दहेज इत्यादि ऐसी भीषण समस्याएँ मुँह बाए खड़ी हैं जिससे उबरना हमारे इस दानवी प्रवृति वाले पुरूष प्रधान समाज में बेहद मुश्किल कार्य प्रतीत होता है। महिला सशक्तिकरण का कोई भी कार्य इन समस्याओं की अनदेखी कर नहीं की जा सकती है। हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षा की गारंटी भी देनी होगी। ऐसी समस्याएँ महिलाओं और लड़कियों के आजादी का पंख चोटिल करते हैं और जिससे पनपा भय उनके अंत:करण में समाहित हो जाता है और उनकी अनुपस्थिति में बहुत हद तक हमारा समाज उनकी काबिलियत और हुनर से महरूम रह जाता है।
ऐसी हर एक समस्या से निदान पाकर, महिलाओं की स्वतंत्रता को बरकरार रखकर उनकी सुरक्षा हेतु हर तरीके और हर स्तर से प्रयास करना होगा ताकि उनमें पनप चुके भय से उन्हें मुक्ति मिल सके और इस संसार की सृजनकर्ता कही जाने वाली महिलाओं के सहयोग और भागीदारी से हमारा समाज, हमारा देश बेहतरी और उन्नति के पथ पर तीव्रता से अग्रसर हो सके। महिला सशक्तिकरण की बात हो तो महिलाओं पर हो रहे हर प्रकार के अत्याचार को मिटाने की कोशिश हो। महिला उत्थान का रास्ता महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करके हीं प्रशस्त हो सकेगा।
Comments
Post a Comment