स्वतंत्र भारत में अशिक्षा रूपी गुलामी की जंजीरें

         स्वतंत्रता किसी भी राष्ट्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण ताकत होती है। एक स्वतंत्र राष्ट्र हीं अपने हर क्षेत्र में बेहतर शासन की स्थापना कर सकता है। जब हम स्वतंत्र भारत की बात करते हैं तो हमारे जेहन में कठिन त्याग, समर्पण और परिश्रम से पाई गई अंग्रेजों की गुलामी से आजादी के अनेक किस्से उभर आते हैं। 

        1947 में मिली स्वतंत्रता से अबतक के कालखण्ड में भारत ने कई क्षेत्रों में बेतहाशा और उल्लेखनीय तरक्की की है जिस पर हम सभी को गर्व होना चाहिए। भारतवर्ष में उन सारी तरक्कियों के बावजूद आजादी के वर्षों बीत जाने के पश्चात् भी जो सबसे बड़ी गुलामी की जंजीरें फैली हैं वह है "अशिक्षा" की। यह एक ऐसी गुलामी है जो कई तरह की नफरतें, द्वेष, क्लेश को जन्म देती हैं जो स्वतंत्रता पर गहरी चोट करती हैं। धार्मिक व जातीय भेदभाव, आपसी झगड़े इसी अज्ञानता रूपी गुलामी का प्रतिफल है। महिलाओं, लड़कियों पर बढता सरेआम अत्याचार, बच्चों द्वारा मजदूरी और भिक्षावृति एवं उनकी अज्ञानता का फायदा उठाकर उनका गलत कार्यों में इस्तेमाल करना आदि गतिविधियाँ अशिक्षा के कारण हीं विद्यमान हैं। 

         इस समस्या का बृहद रूप आपको ग्रामीण भारत में हर तरफ दिखाई देगा। वहां अशिक्षा की जड़ें इस कदर फैली हैं कि लोगों का इससे निकल पाना मुश्किल सा प्रतीत हो रहा है। अशिक्षा और अज्ञानता उन्हें बेहतर जिंदगी जीने से वंचित कर रही है। उनके आसपास ऐसे कई साधन मौजूद हैं जिसके दम पर वह अपनी जिंदगी को एक बेहतर आयाम दे सकते हैं लेकिन अशिक्षा ने उनकी तरक्की के अधिकतर रास्ते को बंद कर रखा है। सरकार की तरफ से मिलने वाली सुविधाओं‌ व साधनों के बेहतर इस्तेमाल से भी वे दूर रह जाते हैं क्योंकि उन्हें इसकी जानकारी नहीं होती है। अनपढ़ता उनके मार्ग का सबसे बड़ा बाधक है। अशिक्षा के कारण वे अपने अंदर विद्यमान काबिलियत को नहीं पहचान पाते जिसके कारण वे पिछड़ जाते हैं। 

         हम किसी भी क्षेत्र की बात करें चाहे वह कृषि का क्षेत्र हो, क्रीङा का क्षेत्र हो, या फिर जन उत्थान के लिए सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का क्षेत्र हो, लोग जानकारी के अभाव में सरकार द्वारा प्रदत सुविधाओं व साधनों को पाने से वंचित रह जाते हैं। 

        अशिक्षा के साए में कोई भी राष्ट्र तरक्की नहीं कर सकता। एक बेहतर राष्ट्र निर्माण के लिए राष्ट्र के हर नागरिक को शिक्षा से जोड़ना अति आवश्यक है। भारत का संविधान हर नागरिक को शिक्षा का अधिकार देता है लेकिन यहां सवाल यह उठता है कि शिक्षा पाने के लिए कितने समुचित संसाधन मौजूद हैं। अशिक्षा को मिटाने के लिए जितने भी प्रयास सरकार के द्वारा किए जाते हैं उसकी हकीकत जमीन पर कम, कागज पर ज्यादा देखने को मिलती है। लोग अनपढ़ता और अज्ञानता के कारण अपने हक की चीजें भी नहीं ले पाते जिसके कारण भ्रष्टाचार को खूब बढ़ावा मिलता है। 

         इसमें कोई शक नहीं कि अशिक्षा के कारण उन सारी पीड़ाओं को झेलने वाले लोगों को गुलामी की अनुभूति होती होगी। बड़े दुख की बात है कि भारत के लोगों को एक कुशासन से आजादी मिले वर्षों बीत गए पर भारत का एक बड़ा भूभाग आज भी मानसिक आजादी का बाट जोह रहा है जो सिर्फ और सिर्फ अशिक्षा के कारण है। इसका यह कतई मतलब नहीं कि पूर्व और वर्तमान की सरकारें इस ओर ध्यान नहीं दिए हैं लेकिन यहां कहना भी जरूरी है कि जिस संजीदगी से अशिक्षा को समाज से मिटाने की जरूरत थी उस अनुरूप बिल्कुल भी प्रयास नहीं किया जा सका। इस अशिक्षा ने बढते भारत की गति को बेहद कम कर दिया है जिससे भारत अनुमानित विकास हासिल कर पाने में विफल रहा है। 

        मौजूदा वक्त में भारत को आंतरिक सशक्तता और स्वतंत्रता तभी मिल सकती है जब भारत अशिक्षा रूपी गुलामी पर शिक्षा के संचार से विजय प्राप्त कर लेगा।

Comments

Popular posts from this blog

अटल...एक व्यक्ति नहीं, एक विचार

खुद की सामर्थ्यता बेहद जरूरी

रिश्ता....जिंदगी में हुए या बनाए गए विभिन्न प्रकार के संबंधों की दास्ताँ ! जिंदगी जीने के लिए रिश्ते का होना बेहद जरूरी होता है ! रिश्ता बिना हमारा जीवन नीरस होता है ! जिंदगी में स्थापित रिश्तों के दो माध्यम होते हैं ! एक जो रिश्ते हमारे पृथ्वी पर आने के साथ खुद ब खुद ऊपर से हीं बनकर आते हैं और दूसरा जो हम पृथ्वी पर आने के बाद बनाते हैं ! दोनों रिश्ते जिंदगी में बेहद खास होते हैं ! ये रिश्ते जिंदगी के साथ हमें कई नए आयामों से गुजारते हैं जो हमें नए अनुभव प्रदान करते हैं ! रिश्ते हमारी जिंदगी को मजबूत बनाते हैं ! रिश्ते बनाने की कोई उम्र निर्धारित नहीं होती बल्कि जिंदगी के हर पड़ाव पर रिश्ता बनाया जा सकता है ! बने हुए रिश्ते किसी भी लाभ-हानि , किसी भी मतलब , अपेक्षाओं और आकाक्षाओं से इतर होते हैं ! स्थापित रिश्तों का बने रहना और चलते रहने में हमारी आपसी समझ महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है ! समय और परिस्थिति के अनुसार रिश्तों की स्थापना और टूट भी होती रहती है , पर रिश्ते में आए कुछ खट्टे अनुभव और बात को दरकिनार करके रिश्ते में आई उदासीनता और रिक्तता को दूर कर उसे पुनर्जीवित और पुन: स्थापित करना जिंदगी को खूबसूरत बनाता है , पर टूटे रिश्ते को पुन: स्थापित होने का समय सीमा होता है जिसके अंदर वह रिश्ते पुन: स्थापित होते हैं और रिश्ता पूर्ववत हो जाता है लेकिन समय सीमा पार करते हीं पूर्व बने रिश्ते को पुन: स्थापित करने की जो संभावना होती है वह संकुचित होती जाती है और अंत में वह क्षीण हो जाती है ! रिश्ते की इस समय सीमा का निर्धारण भी उस रिश्ते में बँधे लोग और उसकी गहराई करते हैं ! रिश्ते बनाना बड़ी बात नहीं बल्कि उसे निभाना बड़ी बात होती है ! बने हुए रिश्तों की गहराई सामयिक परिस्थितियों के साथ पता चलती है ! शब्दों से रिश्तों की गहराई और उसका स्थायित्व बताने वाले रिश्ते की कसौटी पर प्राय: खड़े नहीं उतरते ! रिश्ते की गहराई बताने की आवश्यकता नही पड़ती बल्कि यह तो महसूस हो जाती है ! रिश्तों के माध्यम से हम जीवन के उन पहलूओं को स्पर्श करते हैं जो अनेक खट्टे-मीठे अहसासों से रूबरू करवाते हैं ! रिश्तों में बँधे लोगों की आपसी पहल, समझ और प्रयास पर रिश्तों की उम्र निर्धारित होती है ! जिंदगी में बनाए हुए रिश्तों की संख्या भले हीं कम हो पर जो रिश्ते बनाए गए हैं उसे सहेजना हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य है ! Vinayak Suman